जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। मंगलवार को 23 नए मामले सामने आए। इनमें 21 लोग दिल्ली के निजामुद्दीन जमात से लौटे हैं। इसके बाद अब जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 37 हो गई है, जिनमें 34 मरीज निजामुद्दीन जमात के हैं और तीन लोग नूंह जिले के हैं। पॉजिटिव पाए गए लोग विदेशी नागरिक और देश के विभिन्न राज्यों से हैं। इनमें श्रीलंका के 6, साउथ अफ्रीका के 1, इंडोनेशिया के 1, थाईलैंड के 1, केरला के 5, जम्मू कश्मीर के 3, बिहार के 5, उत्तर प्रदेश के 5, महाराष्ट्र के 2, तमिलनाडु के 2, आंध्र प्रदेश के 2, मध्य प्रदेश के 1 और 3 नूंह जिले के खानपुर घाटी, सिरौली और सिंधरावट गांव के लोग शामिल हैं।
प्रशासन लगातार जांच कर रहा है ताकि यह पता लग सके कि कितने लोग इन पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में आए थे। बता दें कि स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा जिले में अब तक 1205 लोगों को सर्विलांस पर लिया गया है, जिनमें से 60 लोग अपना क्वारंटीन समय पूरा कर चुके हैं। 1145 लोगों का सर्विलांस जारी है। 355 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। 253 सैंपल की जांच रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है। जबकि 37 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। कुल 65 लोगों की रिपोर्ट अभी आनी बाकी है।
कोरोना के पॉजिटिव मरीजों के अलावा अन्य 44 लोगों का इलाज आइसोलेशन वार्ड में चल रहा हैं। जांच के लिए भेजे गए सैंपल उन लोगों के हैं जो कोरोना पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में आए थे या फिर जो बाहर से लौटे हैं। बता दें कि, जिले में निजामुद्दीन मरकज से लौटे जमात के सदस्यों के बाद से कोरोना पॉजिटिव के मामले बढ़ते जा रहे हैं जिले में 3 अप्रैल को केरला की जमात के सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इसके बाद 4 अप्रैल को जिले के खानपुर घाटी गांव के ट्रक चालक का सामने आया था। इसके बाद 5 अप्रैल को श्रीलंका के जमात के चार सदस्य कोरोना पॉजिटिव मिले थे। वहीं सोमवार को भी विदेशों की अन्य जमातों के छह सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे और मंगलवार को 23 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले।